Delhi Rohini Encounter: दिल्ली के रोहिणी जिले में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शूटरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। कंझावला थाना क्षेत्र के कराला इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और राहुल के रूप में हुई है।
खुफिया सूचना के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात रोहिणी के UER हाईवे पर टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो गुर्गों के आने की खुफिया सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रोहिणी पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी, ताकि दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पहले से प्लान के मुताबिक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
जैसे ही दोनों बदमाशों की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उन्होंने फायरिंग करते हुए मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और सुरक्षा के बीच आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
हरीश माथुर हत्याकांड में थी पुलिस को तलाश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी हाल ही में कराला इलाके में हुए हरीश माथुर हत्याकांड में शामिल थे। हत्या की वारदात के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इस मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हरीश माथुर हत्याकांड के अलावा दोनों का अन्य आपराधिक मामलों या गैंग की गतिविधियों से कितना संबंध रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Read More:

