Delhi Judiciary: दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली हायर ज्यूडिशियल सर्विस (DHJS) के 138 जजों का बड़े स्तर पर तबादला और नई नियुक्तियां की हैं। इस बड़े फेरबदल के तहत 13 जजों की तैनाती राउज एवेन्यू स्थित स्पेशल कोर्ट में की गई है। ये जज UAPA, NIA Act, NDPS Act और MCOCA जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई करेंगे।
NEET UG पेपर लीक मामलों की सुनवाई अब नए जज करेंगे
पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई में भी बदलाव किया गया है। स्पेशल जज अनु ग्रोवर बालिगा की जगह अब फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट में जज अजय गुप्ता इन मामलों की सुनवाई करेंगे। पेपर लीक से जुड़े मामलों के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट में एक विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया है, जहां ऐसे मामलों की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
4 अगस्त से संभालेंगे जिम्मेदारी
दिल्ली हाईकोर्ट ने छह जजों का तबादला राउज एवेन्यू कोर्ट में स्पेशल एक्सक्लूसिव NIA जज के रूप में किया है। इनमें अनु ग्रोवर बालीगा, विकास ढुल, प्रशांत शर्मा, अमित बंसल, किरण बंसल और पुलस्त्य प्रमाचल शामिल हैं। हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, ये सभी जज 4 अगस्त से स्पेशल एक्सक्लूसिव NIA कोर्ट का कामकाज संभालेंगे। राउज एवेन्यू कोर्ट में नए NIA कोर्ट बनाए गए हैं, जिनका उद्घाटन सोमवार को होना है।
MCOCA-NDPS कोर्ट भी राउज एवेन्यू में होंगे संचालित
न्यायिक पुनर्गठन के तहत महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) और NDPS Act के तहत आने वाले कोर्ट भी अब राउज एवेन्यू कोर्ट में स्थानांतरित कर दिए गए हैं। इससे पहले NIA कोर्ट पटियाला हाउस कोर्ट परिसर से संचालित होते थे, जबकि MCOCA और NDPS से जुड़े मामले दिल्ली की अलग-अलग जिला अदालतों में सुने जाते थे।
लंबित मामलों के जल्द निपटारे पर रहेगा फोकस
दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से जारी इस ट्रांसफर सूची को हाल के वर्षों का बड़ा प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। इसका उद्देश्य स्पेशल कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी लाना और अलग-अलग श्रेणी के मामलों के लिए न्यायिक संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। हाल ही में राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET पेपर लीक मामले के आरोपी डॉ. मनोज शिरूरे की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी।
Read More:

