US Shooting: अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक रेस्टोरेंट के अंदर हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने लोगों को दहला दिया है। इस हमले में हमलावर समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। यह घटना मशहूर बर्गर चेन इन-एन-आउट के रेस्टोरेंट में हुई, जिसे कुछ दिन पहले ही शुरू किया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
हमलावर की हुई मौत
ट्विन फॉल्स पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने बताया कि हमलावर भी मारा गया है और अब कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस फिलहाल हमलावर की पहचान और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ितों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
मृतकों और घायलों की संख्या पर जांच जारी
मैथ्यू हिक्स ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि कुल कितने लोगों की मौत हुई है और कितने घायल हुए हैं। हालांकि शुरुआती रिपोर्टों में हमलावर समेत कम से कम तीन लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं पुलिस प्रमुख की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ट्विन फॉल्स काउंटी कमिश्नर ब्रेंट रेनके ने बताया कि शेरिफ जैक जॉनसन ने उन्हें जानकारी दी थी कि इस घटना में पांच लोग घायल हुए हैं।
मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बताई पूरी घटना
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति के अनुसार, वह इन-एन-आउट रेस्टोरेंट के पास ट्रैफिक सिग्नल पर रुके हुए थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को AR-स्टाइल राइफल के साथ ड्राइव-थ्रू क्षेत्र से बाहर आते देखा। इसके बाद पिस्टल लिए एक अन्य व्यक्ति ने हमलावर पर फायरिंग शुरू कर दी। व्यक्ति ने दावा किया कि हमलावर ने कम से कम तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं।
वीडियो में दिखा हमलावर
घटना के दौरान सड़क की दूसरी ओर से बनाए गए एक वीडियो में हमलावर काले कपड़ों में दिखाई देता है। वीडियो में वह लंबी राइफल लेकर एक सफेद कार के पास जाता है, ड्राइवर की तरफ का दरवाजा खोलता है और फिर कार की डिक्की खोलकर उसमें हाथ डालता है। इसके बाद वीडियो खत्म हो जाता है। पुलिस ने पुष्टि की है कि हमलावर की मौत हो गई है, लेकिन उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
इलाके की सड़कें बंद
घटना के बाद पुलिस ने आसपास की कई सड़कें बंद कर दीं, जिनमें पास का एक पुल भी शामिल है। जांच एजेंसियां जांच कर रही हैं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यह घटना हाल के महीनों में अमेरिका में सार्वजनिक स्थानों पर हुई गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं की सूची में एक और मामला बनकर सामने आई है।
Read More:

