दिल्ली के रोहिणी जिले में पुलिस(Delhi Police) ने एक कथित लूट मामले का महज चार घंटे में खुलासा करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। एनके मार्ग थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस ड्राइवर ने बंदूक के बल पर लूट की शिकायत दर्ज कराई थी और वही कथित तौर पर पूरी साजिश का मुख्य आरोपी निकला। पुलिस ने उसके पास से 5 लाख रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई को गुरनाम सिंह नाम के व्यक्ति ने पीसीआर कॉल कर शिकायत दी थी कि द्वारकाधीश अपार्टमेंट के पास तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसकी कार रोककर 5 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। उसने बताया था कि वह कश्मीरी गेट स्थित स्पेयर पार्ट्स की दुकान से रकम लेकर रोहिणी सेक्टर-14 जा रहा था।
जांच में शिकायत पर ही हुआ शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और पूरे रास्ते की पड़ताल के दौरान पुलिस को कथित लूट की पुष्टि करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इसके बाद जांच का रुख शिकायतकर्ता की ओर गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो कार के बोनट के नीचे बैटरी के पास छिपाए गए कपड़े के बैग से 5 लाख रुपये बरामद हुए। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, गुरनाम सिंह ने पैसे हड़पने के लिए फर्जी लूट की कहानी बनाने की बात स्वीकार की।
लग्जरी कार चोरी गिरोह पर भी शिकंजा
एक अन्य कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कथित अंतरराज्यीय लग्जरी कार चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों गुरविंदर सिंह बैंका और दशरथ बिश्नोई को गिरफ्तार कर उनके पास से 12 महंगी गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और दस्तावेज बरामद किए हैं।


