सोमवार को दिल्ली-NCR(Delhi-NCR) में हुई तेज बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में दिखाई दिया जहां कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। राजीव चौक, इफको चौक, नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, ओल्ड दिल्ली रोड और आसपास के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी रही।
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने 25 अगस्त के लिए कॉरपोरेट और सरकारी कार्यालयों को कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है। स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को भी ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की सलाह दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य सड़कों पर भीड़ कम करना और लोगों को बारिश से जुड़ी परेशानियों से बचाना है।
जलभराव से सड़कों पर लंबा जाम
बारिश का सबसे बड़ा असर यातायात पर पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। राजीव चौक, नरसिंहपुर और सिरहौल बॉर्डर जैसे इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहा। प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नागरिक निकायों की टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी असर
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़ी कई उड़ानें प्रभावित हुईं और 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किए जाने की रिपोर्ट सामने आई। एयरलाइंस ने यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी।
भारी बारिश और आंधी-तूफान के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऐसे में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की गई है।