उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने शुक्रवार को महराजगंज दौरे के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में उन्होंने कई लोगों को चेक, टूलकिट, कृषि उपकरण और आवास की चाबियां सौंपीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और उन्हें उपहार देकर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम स्थल पर लगी विभागीय प्रदर्शनी का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
उद्योग विभाग की ओडीओपी योजना के तहत अंगद को टूलकिट प्रदान की गई, जबकि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत सीमा कन्नौजिया को लाभ दिया गया। पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में राजकुमार कुशवाहा को 30 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं ग्राम प्रधान पंचायत कल्याण कोष योजना के अंतर्गत बिजना देवी को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कृषि क्षेत्र के लाभार्थियों को दी सहायता
कृषि क्षेत्र से जुड़े लाभार्थियों को भी मुख्यमंत्री ने सहायता दी। एपीओ कंचन मौर्या फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र कुमार को कृषि यंत्र वितरण के लिए अनुदान राशि का चेक दिया गया। इसी क्रम में द्वारिका को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत प्रतिभा जायसवाल को पांच लाख रुपये की परियोजना लागत का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अवतारी देवी को नए घर की चाबी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विनोद को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत उर्मिला देवी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।
कई विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें नौतनवा और फरेन्दा क्षेत्र में 14 सड़कों और तीन लघु पुलों के निर्माण कार्य शामिल हैं। करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से मदरी-महदेड्या-चकदह-शाहपुर धोतिअहवा-कजरी मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
इसके अलावा नौतनवा के मुड़िला गांव में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाया जाएगा। लक्ष्मीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत सेमरहवां में रोहिन नदी पर करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा। भगवानपुर और अमोढ़ा स्थित शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य का भी शिलान्यास किया गया।