उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव के खिलाफ CM योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) की तस्वीर लेकर विरोध करने को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। विधानसभा सत्र के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद उन्हें सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया है। अब सचिन यादव अगले दो दिनों तक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हो पाएंगे।
विधानसभा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को हुई सदन की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसके आधार पर विधायक सचिन यादव को विधानसभा की सेवा से निलंबित किया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया और कार्य-संचालन नियमावली, 2023 के नियम 299 के उप नियम (1) के तहत की गई है।
प्रमुख सचिव ने विधायक को भेजा पत्र
उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने सचिन यादव को पत्र भेजकर निलंबन की जानकारी दी। पत्र में बताया गया कि सदन के निर्णय के मुताबिक उन्हें दोपहर 1 बजकर 25 मिनट से पूरे विधानसभा सत्र के लिए सदन की सेवा से निलंबित किया गया है।
निलंबन के दौरान सचिन यादव विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही वह विधानसभा की कार्यवाही और सदन की समितियों की बैठकों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। यह रोक निलंबन की तय अवधि तक लागू रहेगी।
नियमों के तहत हुई कार्रवाई
विधानसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सदन की कार्यवाही और नियमों के तहत की गई है। नियम 299 (1) के अंतर्गत निलंबित सदस्य को निर्धारित अवधि तक सदन की गतिविधियों से दूर रखा जाता है।
इस कार्रवाई के बाद विधानसभा सत्र के दौरान राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से इस मामले पर प्रतिक्रिया आने की संभावना है जबकि विधानसभा ने इसे सदन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया निर्णय बताया है।