उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की। रविवार को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई और अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए करने की सलाह दी।कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। उन्होंने 15 से 35 साल की उम्र के युवाओं को शक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस उम्र में असंभव जैसा कोई शब्द नहीं होना चाहिए।
लक्ष्मीबाई, सावरकर और महाराणा प्रताप का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने युवाओं में जोश भरने के लिए इतिहास के कई उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि जब महारानी लक्ष्मीबाई ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी, तब उनकी उम्र महज 26 साल थी। विनायक दामोदर सावरकर को भी 26 वर्ष की उम्र में दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।CM योगी ने महाराणा प्रताप का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने अकबर के खिलाफ पहली बार युद्ध लड़ा, तब उनकी उम्र केवल 27 साल थी। वहीं, स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक मंच पर भारत को नई पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में भी इसी तरह देश और प्रदेश का भविष्य बदलने की क्षमता है।
साढ़े नौ साल में बदली यूपी की पहचान – CM योगी
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह खुद सभी युवाओं को टैबलेट देना चाहते थे और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाना चाहते थे, लेकिन 25 लाख लोगों तक पहुंचने में कई दिन लग जाते। उन्होंने दावा किया कि बीते साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश की छवि और लोगों की धारणा बदली है। मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सरकारी नौकरियों में चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल पड़ते थे। अब युवाओं को नौकरी पाने के लिए न किसी की सिफारिश की जरूरत है और न रिश्वत देनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खत्म किया है। CM योगी ने प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल और कानपुर में राइफल निर्माण का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, पहले निवेश के लिए कार्यक्रम होते थे, लेकिन निवेशक नहीं आते थे। अब कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण उत्तर प्रदेश बीमारू राज्यों की सूची से बाहर आया है।
माफिया की जमीन पर फोरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस जमीन पर माफिया कब्जा करना चाहते थे, वहां फोरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि बुलडोजर की कार्रवाई के बाद माफिया भाग गए। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि उसकी दो नियुक्तियां रद्द करनी पड़ी थीं, क्योंकि उनमें कथित तौर पर मुन्ना भाइयों को जगह दी गई थी। उन्होंने कहा कि पहले परीक्षाएं कोई और देता था और डिग्री किसी दूसरे को मिल जाती थी, लेकिन बीते साढ़े नौ साल में युवाओं को सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में माफिया का नहीं, कानून का राज है और निवेश के लिए बेहतर माहौल बना है। CM योगी ने युवाओं से टैबलेट को केवल मनोरंजन का साधन न बनाने और इसका इस्तेमाल अपनी शिक्षा व भविष्य संवारने में करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं।
Read More

