CM Yogi Adityanath Kushinagar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान जिले को 424 करोड़ रुपये से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया और क्षेत्र के विकास को लेकर कई अहम बातें कहीं।
फाजिलनगर का नाम बदलने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर अब ‘पावागढ़’ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विधायक और सांसद की ओर से लंबे समय से यह मांग उठाई जा रही थी। सरकार ने इसके नाम परिवर्तन का प्रस्ताव तैयार कर लिया है और जल्द ही इसे आधिकारिक रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नाम भगवान महावीर से जुड़े ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को सम्मान देने की दिशा में उठाया गया कदम है।
माफिया और बीमारी पर क्या बोले CM योगी?
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में अपराध और बीमारियों दोनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पहले जिन क्षेत्रों में माफियाओं का दबदबा और संक्रामक बीमारियों का खतरा था, वहां अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘मच्छर और माफिया दोनों का इलाज’ कर उन्हें जड़ से समाप्त करने का काम किया है।
पुराने चुनौतियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुशीनगर पहचान के संकट और अव्यवस्था से जूझ रहा था। उस समय खनन माफिया, बालू माफिया और तथाकथित ‘जंगल पार्टी’ का प्रभाव क्षेत्र में दिखाई देता था। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी शायद उस दौर के भय और असुरक्षा को महसूस भी नहीं कर सकती। साथ ही इंसेफ्लाइटिस जैसी गंभीर बीमारी भी बड़ी चुनौती बनी हुई थी, जिससे कई बच्चों की जान चली जाती थी।
किसानों की स्थिति में सुधार का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले किसानों को अपनी उपज के उचित मूल्य और सुविधाएं नहीं मिलती थीं। गन्ना किसानों को पर्ची मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था और कई बार घटतौली की शिकायतें भी सामने आती थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने किसानों के हित में कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं।
राम मंदिर मुद्दे पर विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में राम मंदिर निर्माण के बारे में भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक यह मुद्दा लंबित रहा, लेकिन केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने वर्षों तक इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ने दिया।
तमकुहीराज और पावा नगर का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि तमकुहीराज और पावा नगर जैसी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की भूमि को पहले वह पहचान नहीं मिल सकी जिसकी वह हकदार थी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और सम्मानित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विकास और पहचान पर सरकार का फोकस
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुशीनगर सहित पूर्वांचल के विकास की रफ्तार आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।
Read More:
बिक्रम मजीठिया की बढ़ीं मुश्किलें! हाईकोर्ट ने सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए दिया कल तक का समय

