हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में पुराने बस अड्डा परिसर स्थित नए इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पानीपत, पंचकूला, सोनीपत, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र के लिए 80 लो-फ्लोर AC इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया। कार्यक्रम में कई मंत्री और BJP नेता भी मौजूद रहे। इनमें शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, मंत्री कृष्ण लाल पंवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और विधायक प्रमोद विज शामिल थे।
छात्रों को मिलेगी विशेष यात्रा सुविधा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं अपने संस्थान का पहचान पत्र या पास दिखाकर इन ई-बसों में यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा हरियाणा रोडवेज की सामान्य बसों की तरह लागू होगी। सरकार का कहना है कि इस फैसले से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
पानीपत में 45 ई-बसें दौड़ेंगी
नई शुरू की गई बसों में से 40 बसें अकेले पानीपत जिले को दी गई हैं। इससे पहले शहर में 5 एसी ई-बसें पहले से सड़कों पर दौड़ रही हैं। अब कुल मिलाकर पानीपत में 45 इलेक्ट्रिक बसें 13 अलग-अलग रूट्स पर सेवा देंगी।
सुरक्षा के लिए आधुनिक सुविधाएं
JBM कंपनी द्वारा तैयार की गई ये ई-बसें एक बार चार्ज होने पर करीब 150 किलोमीटर तक चल सकती हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर बस में 7 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी सीटों के पास SOS इमरजेंसी बटन की सुविधा दी गई है। इमरजेंसी की स्थिति में बटन दबाते ही पहले ड्राइवर और फिर कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना पहुंचेगी।
Read More
स्कूटर से हल्की टक्कर बनी मौत की वजह, टेंपो ड्राइवर को घर में घुसकर बेरहमी से पीटा, प्राइवेट पार्ट पर वार से गई जान