Thane Road Rage Tempo Driver Murder: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रोड रेज का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां स्कूटर और टेंपो की मामूली टक्कर के बाद तीन युवकों ने टेंपो ड्राइवर की इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्कूल के पास हुई थी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 22 मई को शिल-डायघर पुलिस थाना क्षेत्र के धावले गांव में एक स्कूल के पास हुई थी। मृतक की पहचान 38 वर्षीय केतन धामनस्कर के रूप में हुई है, जो टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि केतन का टेंपो 21 वर्षीय जितेश तुकाराम तावरे के स्कूटर से हल्का सा टकरा गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
घर पहुंचकर की बेरहमी से मारपीट
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद के कुछ समय बाद जितेश अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ केतन के घर पहुंच गया। वहां तीनों ने मिलकर केतन के साथ मारपीट शुरू कर दी। मृतक की पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने केतन को लगातार लातों से पीटा और उसके प्राइवेट पार्ट पर भी गंभीर वार किए।
गंभीर चोटों के कारण हुई मौत
परिवार का आरोप है कि पिटाई इतनी बुरी थी कि केतन की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गुरुवार तड़के कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जितेश तावरे, उसके भाई और 24 वर्षीय धीरज दगडू म्हात्रे के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरी घटना की जांच जारी है।
Read More:
दिल्ली मेट्रो से जुड़ा बड़ा अपडेट…रोहिणी, द्वारका और ब्रिटानिया चौक स्टेशन के बदले गए नाम

