असम सरकार ने नशे के कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए राज्य स्तरीय ‘ड्रग्स डिस्पोज़ल प्रोग्राम’ की शुरुआत की है। नलबाड़ी जिले की 14वीं असम पुलिस बटालियन, डौलासाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि इस अभियान के तहत 472.51 करोड़ रुपये मूल्य की जब्त की गई मादक पदार्थों को नष्ट किया जाएगा।
10 दिन में नष्ट की जाएगी ड्रग्स
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि अभियान के दौरान 60 किलोग्राम हेरोइन, 39 किलोग्राम मॉर्फिन, 4.97 लाख नशीली गोलियां और 3.2 किलोग्राम अफीम एवं पोस्ता को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राज्य में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का हिस्सा है और इसका उद्देश्य ड्रग्स नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।
नलबाड़ी, असम | नलबाड़ी ज़िले की 14वीं असम पुलिस बटालियन, डौलासाल में राज्य-स्तरीय 'ड्रग्स डिस्पोज़ल प्रोग्राम' में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "आज हम यहाँ 472.51 करोड़ रुपये की ड्रग्स को नष्ट करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। इन्हें पूरी तरह से नष्ट करने के लिए… pic.twitter.com/o4VNYAyJD2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 12, 2026
5 साल में 3,227 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान असम पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत 3,300 मामले दर्ज किए हैं। इस अवधि में करीब 3,227 करोड़ रुपये मूल्य की मादक पदार्थों की खेप जब्त की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है और ड्रग्स माफिया के नेटवर्क को तोड़ने के लिए कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
नशा मुक्त असम बनाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य स्तर पर शुरू किया गया यह ड्रग्स डिस्पोजल प्रोग्राम केवल जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नशा मुक्त असम के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन के सहयोग से नशे की तस्करी पर लगातार कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भी अपील की कि वे नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सरकार का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Read More

