Chandigarh Terror Plot Foiled: चंडीगढ़ पुलिस ने संदिग्ध IED ( इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस ) और हथियार से जुड़े एक केस में तीन लोगों को गिरफ्तार कर संभावित आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने सेक्टर-43 ISBT यानी इंटर स्टेट बस टर्मिनल के पीछे से संदिग्ध विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक संदिग्ध आईईडी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी चंडीगढ़ में आतंक से जुड़ी किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना सकते थे।
सेक्टर-36 थाने में FIR दर्ज
मामले को लेकर सेक्टर-36 थाना में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल पुलिस ने इस कार्रवाई से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उन्हें फिलहाल घबराने या किसी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक सभी जरूरी एहतियाती और सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
पंजाब में हथियार तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने भारत-पाक सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
10 अत्याधुनिक पिस्तौल और कारतूस बरामद
पंजाब पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल, मैगजीन और 10 कारतूस बरामद किए गए थे। शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेशी हैंडलर के संपर्क में होने की बात सामने आई थी।
सीमा पार से हथियार मंगाकर पंजाब में सप्लाई का शक
जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपी भारत-पाक सीमा के पार से हथियारों की खेप मंगाकर पंजाब में उनकी सप्लाई कर रहे थे। चंडीगढ़ में संदिग्ध आईईडी और हथियार से जुड़े मामले की जांच के बीच सुरक्षा एजेंसियां अब संभावित आतंकी कनेक्शन और अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही हैं।
Read More:
दिल्ली में बड़ा सड़क हादसा, दो विधायकों समेत 7 घायल, डिवाइडर पार कर इनोवा से टकराई कार

