Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि दो मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव दल इन दोनों की तलाश में जुटा हुआ है। वहीं, 11 घायल श्रमिकों का जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में इलाज चल रहा है।
₹5 लाख मुआवजे पर मजदूरों में नाराजगी
THDC जल विद्युत परियोजना की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक श्रमिक के लिए ₹5 लाख का मुआवजा तय किया गया है। इस फैसले से मजदूरों में नाराजगी है। उनका कहना है कि एक मजदूर की मौत की कीमत सिर्फ ₹5 लाख तय करना उचित नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर टनल के बाहर स्थानीय लोगों और कंपनी के सुरक्षा कर्मियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।
पर्यटन मंत्री ने दिया आश्वासन
हादसे के तीसरे दिन उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री मदन कौशिक स्थिति का जायजा लेने पीपलकोटी THDC टनल पहुंचे। यहां उन्हें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और श्रमिकों के विरोध का सामना करना पड़ा। श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी ने सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर लगातार सुरंग के अंदर काम करवाया, जिसके चलते 8 मजदूरों की जान चली गई। दो श्रमिक अभी भी लापता हैं। विरोध के बाद मंत्री के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
खराब मौसम में चमोली पहुंचे सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को टनल हादसे में घायल मजदूरों का हाल जानने चमोली पहुंचे। उस समय मौसम बेहद खराब था और विजिबिलिटी भी कम थी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर चमोली पहुंचा। खराब मौसम में उड़ान भरते हेलीकॉप्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राहुल गांधी के दौरे से जोड़ा जा रहा वीडियो
बीजेपी समर्थक इस वीडियो की तुलना बीते महीने राहुल गांधी के कुमाऊं दौरे से कर रहे हैं। उस दौरान खराब मौसम के कारण राहुल गांधी को पंतनगर एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा था। इसी वजह से मुख्यमंत्री के चमोली पहुंचने वाले हेलीकॉप्टर वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है।
बादल फटने की घटना में लापता शख्स का भी पता नहीं
चमोली में बीते दिनों हुई बादल फटने की घटना के दौरान लापता हुए एक शख्स का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस मामले में भी उसकी तलाश जारी है। फिलहाल टनल हादसे में लापता दो मजदूरों को खोजने के लिए रेस्क्यू टीमों का अभियान लगातार जारी है।
Read More:

