Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज आठवीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह समेत कई नेताओं ने दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ समाधि स्थल पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर भी अटल जी को श्रद्धांजलि दी।
अटल जी की सोच को किया याद
“सरकारें आएंगी-जाएंगी, पार्टियां बनेंगी-बिगड़ेंगी, मगर ये देश रहना चाहिए, देश का लोकतंत्र रहना चाहिए।” अटल बिहारी वाजपेयी के ये शब्द आज भी भारतीय राजनीति में उनकी सोच और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता की याद दिलाते हैं। इसी तरह उनके विचारों में देश के विकास और राष्ट्रहित को हमेशा प्राथमिकता मिली।
PM मोदी ने बताया असाधारण राजनेता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट कर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को एक असाधारण राजनेता बताया और कहा कि अटल जी ने अपना पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके विचार और प्रयासों ने आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित किया, जबकि उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
Remembering Atal Ji on his Punya Tithi. An extraordinary statesman blessed with remarkable vision, he dedicated his life to the service of our nation. His words and efforts inspired generations and his leadership strengthened our nation. His focus on good governance and public…
— Narendra Modi (@narendramodi) August 16, 2026
गृह मंत्री अमित शाह ने परमाणु परीक्षण-कारगिल युद्ध को किया याद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी X पर पोस्ट कर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। अटल जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध के जरिए दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया। अमित शाह ने उनकी मूल्य आधारित राजनीति को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अंत्योदय और सुशासन की सोच को जमीन पर उतारा गया।
पूर्व प्रधानमंत्री व भाजपा के संस्थापक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करता हूँ।
अटल जी एक ऐसे देशभक्त राजनेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का एक-एक क्षण देश सेवा को समर्पित कर दिया। एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षण व कारगिल युद्ध में पूरी दुनिया को… pic.twitter.com/xjXJqDU6fB
— Amit Shah (@AmitShah) August 16, 2026
परमाणु परीक्षण से दुनिया को दिखाई भारत की ताकत
अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन देश के कई बड़े और दूरदर्शी फैसलों के लिए जाना जाता है। उनके कार्यकाल में परमाणु परीक्षण से लेकर ग्रामीण सड़क योजना, टेलीकॉम और शिक्षा के क्षेत्र में कई अहम फैसले लिए गए। राजस्थान के पोखरण में परमाणु परीक्षण के बाद भारत की परमाणु शक्ति के रूप में स्थिति और मजबूत हुई।
हाईवे और गांवों की सड़कों पर भी दिया जोर
वाजपेयी सरकार ने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी कई अहम कदम उठाए। उनके कार्यकाल में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता को जोड़ने वाली बड़ी हाईवे परियोजना की शुरुआत हुई। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की गई, जिसे गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना गया।
आज भी याद किए जाते हैं अटल जी
पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीति में राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास को विशेष महत्व मिला। उनकी कविताएं, भाषण और विचार आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें श्रद्धा से याद कर रहा है और उनके योगदान को नमन कर रहा है।
Read More:

