Blast in Poonch: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC के पास बुधवार शाम लैंडमाइन को निष्क्रिय करने के दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। मेंढर सेक्टर के कांगा गली इलाके में हुए इस हादसे में सेना के दो जवान घायल हो गए। घटना के बाद दोनों जवानों को तत्काल इलाज के लिए आर्मी अस्पताल ले जाया गया।
डिफ्यूज करते समय फटी लैंडमाइन
अधिकारियों के अनुसार, सेना की पेट्रोलिंग पार्टी ने इलाके में एक लैंडमाइन देखी थी। इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम जब लैंडमाइन को डिफ्यूज करने की प्रक्रिया में जुटी थी, तभी अचानक उसमें विस्फोट हो गया और दो जवान इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
बारिश से बढ़ता है खतरा
अधिकारियों ने बताया कि LoC के अग्रिम इलाकों में घुसपैठ रोकने के लिए बनाए गए एंटी-इन्फिल्ट्रेशन ऑब्स्टेकल सिस्टम के तहत कई स्थानों पर लैंडमाइन बिछाई गई हैं। बारिश के दौरान कई बार पानी के बहाव के साथ ये लैंडमाइन अपनी निर्धारित जगह से खिसक जाती हैं। ऐसे में इनका पता लगने पर इन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करना चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा हो जाता है।
एक और जिंदा विस्फोटक मिला
इसी बीच नालवा देगवार तेरवां इलाके में एक और जिंदा विस्फोटक बरामद किया गया। सड़क निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों की नजर इस पर पड़ी थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह विस्फोटक देखने में हैंड ग्रेनेड जैसा था।
बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने किया नष्ट
विस्फोटक मिलने की सूचना के बाद सेना की बम डिस्पोजल स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जिंदा विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
पुंछ में एक ही दौरान लैंडमाइन विस्फोट और जिंदा विस्फोटक मिलने की घटनाओं ने LoC से सटे इलाकों में सुरक्षा और विस्फोटकों से निपटने की चुनौती को फिर सामने ला दिया है। सेना और संबंधित टीमें ऐसे इलाकों में लगातार सतर्कता बरत रही हैं।
Read More:

