पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले करने का दावा किया है। संगठन ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि उसके लड़ाकों ने पिछले आठ दिनों में 22 हमले किए, जिनमें 26 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए। हालांकि, BLA के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
कलात और सूरब में IED हमलों का दावा
BLA के मुताबिक, कलात और सूरब में किए गए IED हमलों में 20 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए। इसके अलावा चगाई, खारन और पंजगुर में पुलिस और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का दावा किया गया है। संगठन ने नुश्की, तुरबत और क्वेटा में हुए हमलों की भी जिम्मेदारी ली है। BLA ने कमर्शियल वाहनों को निशाना बनाने और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने का भी दावा किया।
9 गाड़ियों को बनाया निशाना
BLA ने दावा किया कि उसके हालिया अभियानों में पाकिस्तानी सेना के लिए इस्तेमाल की जा रही नौ गाड़ियों को नष्ट किया गया। संगठन के मुताबिक, उसके हमलों का दायरा सुरक्षा प्रतिष्ठानों के अलावा सड़कों, रेलवे ढांचे और आर्थिक परियोजनाओं तक रहा है। BLA ने इन हमलों को सूरब में पाकिस्तानी एयरफोर्स की एयरस्ट्राइक का जवाब बताया है। स्थानीय संगठनों ने इस एयरस्ट्राइक में 27 आम नागरिकों के मारे जाने या घायल होने का दावा किया था। हालांकि, इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बलूचिस्तान के गृह मंत्री की गाड़ी पर हमला
बलूचिस्तान में हालिया हिंसा का एक और मामला पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के दौरान सामने आया था। मस्तुंग में प्रांतीय गृह मंत्री मीर जियाउल्लाह लांगगो की गाड़ी को निशाना बनाए जाने की घटना में उनके सुरक्षाकर्मियों समेत छह लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हमले बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के सामने मौजूद चुनौती को दिखाते हैं। BLA लंबे समय से पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ सशस्त्र अभियान चला रहा है।
लंबे समय से जारी है अलगाववादी संघर्ष
बलूचिस्तान क्षेत्रफल के लिहाज से पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है। यहां लंबे समय से अलगाववादी आंदोलन और सशस्त्र संघर्ष जारी है। बलूच अलगाववादी संगठन राजनीतिक अधिकारों, संसाधनों के बंटवारे और कथित सैन्य दमन समेत कई मुद्दों को लेकर पाकिस्तान सरकार का विरोध करते रहे हैं। BLA की ओर से 22 हमलों और 26 सुरक्षाकर्मियों की मौत का ताजा दावा ऐसे समय में आया है, जब प्रांत में सुरक्षा स्थिति पहले से ही तनावपूर्ण बनी हुई है।
Read More

