भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भेजे गए निमंत्रण पर ढाका ने अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि इस प्रस्ताव पर फिलहाल विचार किया जा रहा है। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए अंतिम फैसला लिया जाएगा। यह जानकारी विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने ढाका में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के साथ हुई मुलाकात के बाद दी।
ब्रिक्स सम्मेलन के निमंत्रण पर सरकार कर रही समीक्षा
विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से जब भारत में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भेजे गए निमंत्रण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री को हाल के दिनों में कई विदेशी दौरों के निमंत्रण मिले हैं। इसके अलावा उन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी हिस्सा लेना है। ऐसे में सभी प्रस्तावित कार्यक्रमों और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा।
भारत ने दोहराई मजबूत साझेदारी की प्रतिबद्धता
ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने मुलाकात के दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य केंद्रित साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत दोनों देशों के साझा हितों और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है, हालांकि यात्रा का अंतिम फैसला पूरी तरह ढाका सरकार के अधिकार क्षेत्र में है।
द्विपक्षीय मुद्दों पर होगी आगे बातचीत
विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने स्वीकार किया कि भारत और बांग्लादेश के बीच कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिनका समाधान बातचीत के जरिए किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दोनों देश इन विषयों पर चर्चा करेंगे। जब उनसे शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने केवल इतना कहा कि दोनों देशों के बीच सभी लंबित मुद्दों पर आगे वार्ता होगी।
Read More
सावन के पहले दिन काशी पहुंचे CM योगी, बाबा विश्वनाथ का किया अभिषेक, काल भैरव की उतारी आरती

