बदरीनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने रविवार देर रात देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की काफी समय से तलाश की जा रही थी और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया में वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। शुरुआती जांच में चढ़ावे की रकम में गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
CCTV फुटेज में नोटों की गड्डी ले जाते दिखा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के दौरान रिकॉर्ड हुई CCTV फुटेज की जांच की गई। पुलिस का दावा है कि 25 जून की फुटेज में भी आरोपी प्रमोद नौटियाल नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके अलावा पुलिस ने बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) से आंतरिक जांच रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।
अन्य लोगों की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने बीकेटीसी के कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई को चढ़ावे की गिनती के दौरान आरोपी समेत 12 से अधिक लोग गणना कक्ष में मौजूद थे, जिनमें कुछ स्थानीय साधु-संत भी शामिल थे।
Read More
होर्मुज तनाव के बीच अमेरिका का ईरान पर भीषण बमबारी, UN ने जताई चिंता

