बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल(Arjun Rampal) रविवार सुबह उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने बाबा महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में अभिनेता पूरी श्रद्धा के साथ भगवान महाकाल की भक्ति में डूबे नजर आए।
सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर पहुंचने के बाद अर्जुन रामपाल ने नंदी हॉल से बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान वह कभी हाथ जोड़कर ध्यान लगाते दिखे तो कभी “जय श्री महाकाल” और “हर हर महादेव” के जयकारे लगाते नजर आए। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार पर पहुंचकर भगवान का पूजन किया और आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती में हुए शामिल
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, अभिनेता खास तौर पर भस्म आरती में शामिल होने उज्जैन आए थे। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और दर्शन व्यवस्था की भी सराहना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अर्जुन रामपाल ने कहा कि महाकाल मंदिर में उन्हें बेहद शांत और सकारात्मक अनुभव मिला।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए यहां जिस तरह की सुविधाएं और व्यवस्थाएं की गई हैं वह काबिल-ए-तारीफ हैं। साथ ही उन्होंने सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों को लेकर भी संतोष जताया और भरोसा व्यक्त किया कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी।
साल 2025 में भी आ चुके हैं उज्जैन
रविवार को ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष अष्टमी के अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया था। पंचामृत अभिषेक के बाद भगवान को चंद्र और त्रिपुंड स्वरूप में सजाया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई और पूरे मंदिर परिसर में “जय श्री महाकाल” के जयघोष गूंजते रहे। गौरतलब है कि अर्जुन रामपाल इससे पहले भी मार्च 2025 में महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आ चुके हैं।