हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे(Ganga Expressway) पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बरेली से पंजाब के लुधियाना जा रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग उसके नीचे दब गए।
जानकारी के मुताबिक, कैंटर में कुल पांच लोग सफर कर रहे थे। सभी लोग फतेहगंज पूर्वी, बरेली से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते लुधियाना जा रहे थे। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के जखेड़ा रहमतपुर के पास वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में श्रीदेवी, सावित्री और करीब 10 महीने का बच्चा अभिजीत कैंटर के नीचे दब गए जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद शवों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे में लालाराम और अभिषेक नाम के दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
कैंटर की रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह कैंटर की तेज रफ्तार मानी जा रही है। देर रात वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।