बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार पुलिस आरोपी को अपने साथ पटना ला रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण वाले दिन फोन कर 24 घंटे के भीतर हत्या की धमकी दी थी। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं और मामले की गुप्त जांच शुरू कर दी गई थी।
गुजरात से आरोपी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय शेखर यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले का मूल निवासी है। फिलहाल वह गुजरात में रहकर मजदूरी कर रहा था। तकनीकी निगरानी और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी को गुजरात के साणंद-कड़ी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में गुजरात पुलिस और बिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से काम किया।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू
मुख्यमंत्री को धमकी दिए जाने के बाद बिहार के मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही संग्रामपुर पुलिस सक्रिय हो गई थी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। बाद में मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसका सुराग मिला। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने धमकी देने की बात स्वीकार कर ली है। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब आरोपी को पटना लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी, ताकि धमकी देने के पीछे की वजह और किसी संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
मुख्यमंत्री को धमकी मिलने की घटना को गंभीर सुरक्षा चुनौती माना गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह कदम अकेले उठाया या उसके पीछे किसी और का हाथ था। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
Read More
दिल्ली में Nitish Kumar को मिला नया ठिकाना, टाइप-8 बंगला आवंटित, इन बड़े नेताओं के बने पड़ोसी

