महाराष्ट्र के परभणी जिले में स्थित यशवाड़ी देवस्थान के हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के सामने निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
महाप्रसाद के दौरान मची अफरा-तफरी
रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के समय मंदिर परिसर में कीर्तन और महाप्रसाद का आयोजन चल रहा था। शनिवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी। लोग प्रसाद लेने के लिए कतार में खड़े थे, तभी दोपहर करीब तीन बजे निर्माणाधीन मंडप का हिस्सा अचानक ढह गया।
CCTV में कैद हुई घटना
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मंडप के अचानक गिरने का दृश्य दिखाई दे रहा है। छत गिरते ही लोहे की सरिए, पत्थर और अन्य निर्माण सामग्री नीचे मौजूद लोगों पर आ गिरी, जिससे कई श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग और मंडप में मौजूद श्रद्धालु तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। अब तक करीब 10 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुल 30 से 40 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए अभियान जारी रखा गया है। शुरूआती जानकारी के अनुसार, मंदिर के सामने सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था।
Read More
ओडिशा की धरती से PM मोदी का बड़ा ऐलान, ₹47 हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

