उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत आज से मतदाता सत्यापन और नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस वार्ता में अब तक मतदाता सूची में हुए बदलाव और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बड़ी संख्या में हटाए गए नाम
अधिकारियों के मुताबिक, प्री-SIR प्रक्रिया के दौरान उत्तराखंड में 3.63 लाख नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए, जबकि करीब 7.73 लाख नाम हटाए गए। इसके बाद SIR प्रक्रिया के तहत जनवरी 2025 से 13 अगस्त 2026 तक 4,34,620 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए। इसी अवधि में 17,05,000 नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अब हटाए गए नामों का सत्यापन अगले चरण में किया जाएगा।
कटे नामों का घर-घर होगा सत्यापन
अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनका BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस दौरान कटे हुए नामों की सूची से संबंधित व्यक्ति और उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। अगर सत्यापन में पता चलता है कि कोई पात्र व्यक्ति गलती से मतदाता सूची से बाहर हो गया है, तो उसका फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। इसके साथ जरूरी दस्तावेज भी लिए जाएंगे, ताकि पात्र मतदाता का नाम दोबारा सूची में शामिल किया जा सके।
दो BLO की रिपोर्ट से होगी प्रक्रिया आगे
घर-घर सत्यापन के दौरान BLO की ओर से फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस रिपोर्ट पर दोनों संबंधित BLO के हस्ताक्षर होना जरूरी होगा। निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि SIR के इस चरण का उद्देश्य मतदाता सूची का आवश्यक सत्यापन करना और पात्र लोगों को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी करना है। अब घर-घर होने वाले सत्यापन के बाद यह स्पष्ट होगा कि हटाए गए नामों में कितने ऐसे लोग हैं जो अभी भी मतदाता सूची में शामिल होने के पात्र हैं।
Read More
गंदी हरकत से गुस्से में 17 साल की बेटी ने बाप को क्रिकेट बैट से पीटकर उतारा मौत के घाट

