Gandhi Jayanti 2026: देश आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मना रहा है। गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi pays tribute to Mahatma Gandhi at Rajghat on the occasion of his 157th birth anniversary. pic.twitter.com/l3EvaB5Meq
— ANI (@ANI) October 2, 2026
सर्वधर्म प्रार्थना सभा
गांधी समाधि पर आयोजित प्रार्थना सभा में कई धर्मों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति और मानवता के संदेश को याद किया गया। गांधी जयंती हर साल 2 अक्टूबर को मनाई जाती है और इसी दिन अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस भी मनाया जाता है।
ओम बिरला ने किया नमन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर बापू के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
मनोहर लाल खट्टर पहुंचे राजघाट
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। गांधी जयंती के अवसर पर उन्होंने बापू को याद करते हुए उनके राष्ट्र और समाज के लिए योगदान को नमन किया।
एलजी तरणजीत सिंह संधू ने दी श्रद्धांजलि
दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू भी गांधी जयंती पर राजघाट पहुंचे। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने प्रार्थना सभा में लिया हिस्सा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजघाट स्थित गांधी समाधि पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
नितिन गडकरी ने बापू को किया याद
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, “संपूर्ण विश्व को शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन अपने आप में एक आदर्श था। उनके स्वदेशी, स्वराज के विचार सदियों को प्रेरित करते रहेंगे। गांधी जयंती के अवसर पर बापू को कोटि-कोटि नमन।”
CM योगी ने बापू के विचारों को किया याद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, “सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले, ‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी जी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन। प्रदेश वासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं। श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।”
CM रेखा गुप्ता ने बताया विचारों का महत्व
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “महात्मा गांधी की जीवन-यात्रा राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की एक विराट साधना थी। सत्य और अहिंसा के उनके विचारों ने विश्व को मानवता और शांति का मार्ग दिखाया। स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वराज का उनका चिंतन आज भी भारत की चेतना में जीवंत है और आत्मनिर्भर, समर्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की हमारी यात्रा को प्रेरित करता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन।”
गांधी जयंती पर देशभर में स्मरण
गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में महात्मा गांधी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों को याद किया जा रहा है। राजघाट में आयोजित कार्यक्रम में भी विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के जरिए बापू के शांति और सद्भाव के संदेश को स्मरण किया गया।
Read More:

