HomeBreaking Newsपारादीप के पास समुद्र में बड़ा हादसा टला, 23 क्रू मेंबर समेत...

पारादीप के पास समुद्र में बड़ा हादसा टला, 23 क्रू मेंबर समेत विदेशी टैंकर को बचाया

बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के पारादीप तट के पास भारतीय तटरक्षक बल ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक विदेशी टैंकर को गंभीर समुद्री संकट से बाहर निकाला। टैंकर के अस्थिर होने की सूचना मिलने के बाद कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जहाज पर 9,000 मीट्रिक टन पाम ऑयल के साथ 23 क्रू मेंबर सवार थे। अब टैंकर को खींचकर पारादीप की ओर लाया जा रहा है। इंडियन कोस्ट गार्ड ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे समुद्र में बड़े हादसे को टालने वाला ऑपरेशन बताया। जानकारी के मुताबिक, टैंकर से आपात संदेश मिलने के बाद ICGS विश्वस्त को तत्काल मौके पर भेजा गया।

टैंकर के झुकने पर शुरू हुआ रेस्क्यू

कोस्ट गार्ड के मुताबिक, टैंकर के अस्थिर होने की सूचना मिलते ही विशेषज्ञ डैमेज कंट्रोल टीम को जहाज पर उतारा गया। टीम ने सबसे पहले बैलस्ट टैंक में जमा पानी निकालने के लिए सबमर्सिबल पंप का इस्तेमाल किया। जहाज के लगातार झुकने की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षतिग्रस्त समुद्री पाइपलाइनों को भी सील किया गया। इन कदमों के बाद टैंकर को स्थिर करने की कोशिश की गई और सवार सभी 23 क्रू मेंबर की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

प्रदूषण रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई

रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ समुद्री प्रदूषण की आशंका को देखते हुए भी निगरानी बढ़ाई गई। भारतीय तटरक्षक बल ने एक प्रदूषण नियंत्रण पोत और तटीय गश्ती जहाज को इलाके में भेजा। कोस्ट गार्ड के डोर्नियर विमान से समुद्री क्षेत्र की निगरानी की गई। अधिकारियों के मुताबिक, समुद्र की सतह पर दिखाई दे रही पाम ऑयल की हल्की परत अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है। इसके बाद भी इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पारादीप की ओर खींचा जा रहा जहाज

कोस्ट गार्ड के अनुसार, संबंधित विदेशी टैंकर को अब सुरक्षित तरीके से पारादीप की ओर लाया जा रहा है। ऑपरेशन के दौरान तटरक्षक बल की टीमों ने जहाज की स्थिति और समुद्री क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए रखी। पारादीप बंदरगाह ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित एक प्रमुख बंदरगाह है। यह महानदी डेल्टा के मुहाने के पास बना है और ओडिशा के अलावा झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए भी महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार केंद्र है। कोस्ट गार्ड ने कहा कि उसकी टीमें समुद्री सुरक्षा और बचाव के लिए लगातार तैनात रहती हैं।

Read More

एशियन गेम्स में भारत का शानदार दिन, गुलवीर सिंह ने पुरुष 1500 मीटर में जीता रजत पदक

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments