अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार शाम भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से दो शेल्टर बह गए, जिसमें कम से कम चार मज़दूरों की मौत की आशंका है और सेना के पांच जवान लापता हो गए हैं।
ऊपरी सुबनसिरी ज़िले में भूस्खलन हुआ, जबकि भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ ने दिबांग घाटी में दो शेल्टर बहा दिए। भूस्खलन ऊपरी सुबनसिरी में केओजारिंग-ब्याचिंग रोड कटिंग साइट पर हुआ और मलबे के नीचे कई लोग दब गए।

दिबांग घाटी ज़िले में अचानक आई बाढ़ ने पासु पानी आर्मी कैंप में 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर को अपनी चपेट में ले लिया और सेना के सात जवानों को बहा ले गई। इनमें से दो को बचा लिया गया, जबकि पांच अभी भी लापता हैं। आस-पास की पोस्ट से कई बचाव टीमें बचाव अभियान में शामिल हो गई हैं। मॉनसून की भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से पूर्वोत्तर राज्य में 10 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इस महीने की शुरुआत में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से 235 सड़कें, 40 पुल, 75 पुलिया, 373 जलापूर्ति प्रणालियां, 161 बिजली लाइनें, 823 बिजली के खंभे, 66 सिंचाई परियोजनाएं, 122 सरकारी इमारतें, 41 स्कूल, 12 जलविद्युत परियोजनाएं, 26 रिटेनिंग दीवारें और 16 बाढ़ सुरक्षा दीवारें समेत कई सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।
READ MORE: ईरान जंग के बाद ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पर कब्जा जमाने की फिराक में ट्रंप!

