HomeBreaking Newsपाकिस्तान की कोयला खदान में बड़ा धमाका, मीथेन गैस विस्फोट से गई...

पाकिस्तान की कोयला खदान में बड़ा धमाका, मीथेन गैस विस्फोट से गई 32 मजदूरों की जान, कई के फंसे होने की आशंका

Pakistan Coal Mine Blast: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक कोयला खदान के अंदर हुए भीषण मीथेन गैस विस्फोट ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। क्वेटा के बाहरी इलाके में स्थित इस खदान में हुए धमाके में 32 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई मजदूर अब भी जमीन के नीचे फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं, लेकिन हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सरकारी खान निरीक्षक गनी बलोच के मुताबिक, शुरुआती जांच में खदान के भीतर मीथेन गैस जमा होने के बाद विस्फोट होने की आशंका जताई गई है।

ऑक्सीजन खत्म होने से बढ़ी मुश्किल

बचाव दल ने पहले सात और बाद में 11 अन्य मजदूरों के शव खदान से बाहर निकाले। अधिकारियों के अनुसार, खदान के भीतर ऑक्सीजन का स्तर लगभग खत्म हो चुका है। गनी बलोच ने कहा कि “मीथेन गैस विस्फोट के बाद किसी के जीवित मिलने की संभावना तेजी से घट जाती है, क्योंकि अंदर ऑक्सीजन लगभग जीरो हो जाती है।” इसी वजह से राहतकर्मी बेहद सावधानी के साथ अंदर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

कठिन परिस्थितियों में चल रहा रेस्क्यू

बलूचिस्तान के खान एवं खनिज मंत्री शोएब नोशेरवानी ने बताया कि बचाव दल बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं और सभी फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले हर मजदूर के परिवार को पांच लाख पाकिस्तानी रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही अधिकारियों ने कहा है कि विस्फोट के कारणों की जांच कराई जाएगी और यह भी देखा जाएगा कि खदानों में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

लापरवाही के आरोप भी उठे

कोयला खदान मजदूर संघ ने इस हादसे के पीछे लापरवाही की आशंका जताई है। पाकिस्तान सेंट्रल माइंस लेबर फेडरेशन ने मांग की है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली खनन कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पहले भी होते रहे हैं ऐसे हादसे

पाकिस्तान के कोयला खनन क्षेत्र, खासकर बलूचिस्तान की खदानों में, ऐसे हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं। मजदूर संगठनों का आरोप है कि कई खदानों में पर्याप्त वेंटिलेशन, गैस मॉनिटरिंग सिस्टम और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की कमी है। कम मजदूरी और लगातार खतरे के बावजूद हजारों मजदूर अपनी रोजी-रोटी के लिए इसी उद्योग पर निर्भर हैं।

Read More:

महाराष्ट्र के भिवंडी में भरभराकर ढही इमारत, दबने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत, कई के दबे होने की आशंका

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments