दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे B&B और लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड की शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच एजेंसियों को कई ऐसे तथ्य मिले हैं, जो संकेत देते हैं कि भवन में फायर सेफ्टी और संचालन संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। बता दें कि इस दर्दनाक घटना में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
फायर NOC के बिना चल रहा था होटल
शुरूआती जांच में पता चला है कि होटल के पास अग्निशमन विभाग की वैध फायर NOC नहीं थी। किसी भी व्यावसायिक होटल या गेस्ट हाउस के संचालन के लिए फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र जरूरी होता है, लेकिन यहां यह दस्तावेज मौजूद नहीं मिला। इससे आग जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
6 कमरों की थी अनुमति
दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से फ्लोरिश स्टे B&B को सिर्फ 6 कमरों के संचालन की मंजूरी दी गई थी। हालांकि जांच में सामने आया है कि परिसर में 24 कमरों का संचालन किया जा रहा था, जो इसकी क्षमता से कई गुना अधिक था। जिसकी वजह से इमारत में लोगों की संख्या भी अधिक थी, जिससे हादसे के दौरान बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
इमरजेंसी एग्जिट में मिली खामियां
अधिकारियों को जांच के दौरान वेंटिलेशन और आपातकालीन निकास व्यवस्था में भी गंभीर कमियां मिली हैं। शुरूआती रिपोर्ट के मुताबिक, भवन में आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। धुआं बाहर निकलने और लोगों के सुरक्षित बाहर आने के लिए जरूरी संरचनात्मक व्यवस्थाएं भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह?
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या सुरक्षा नियमों की अनदेखी ही इस भीषण हादसे के बड़े कारणों में से एक थी। होटल प्रबंधन के दस्तावेज, लाइसेंस और निर्माण संबंधी अनुमतियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
40 लोगों को किया रेस्क्यू
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया और 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग रेस्टोरेंट वाले हिस्से से शुरू हुई थी, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Read More
भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच के लिए न्यू चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम पूरी तरह तैयार: मीत हेयर

