Himachal Nikay Chunav 2026: हिमाचल प्रदेश के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन नगर निगमों में जीत दर्ज की है। मंडी, सोलन और धर्मशाला नगर निगमों में भाजपा ने बहुमत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ दिखाई है। वहीं पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है और एकतरफा जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है।
सुबह से शुरू हुई मतगणना
निकाय चुनावों की मतगणना रविवार सुबह 9 बजे शुरू हुई। शुरुआती दौर से ही भाजपा को बढ़त मिलती दिखाई दी। मंडी, सोलन और धर्मशाला में भाजपा उम्मीदवारों ने बढ़त बनाए रखी, जबकि पालमपुर में कांग्रेस का दबदबा कायम रहा।
मंडी, सोलन और धर्मशाला में भाजपा का प्रदर्शन
मंडी नगर निगम में भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को केवल एक सीट मिली। सोलन नगर निगम में भाजपा ने 10 सीटें अपने नाम कीं और कांग्रेस छह सीटों पर विजयी रही। धर्मशाला नगर निगम में भाजपा ने 11 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस के खाते में छह सीटें गईं।
पालमपुर में कांग्रेस का दबदबा
चार नगर निगमों में से केवल पालमपुर में कांग्रेस मजबूत स्थिति में दिखाई दी। यहां पार्टी ने बढ़त बनाए रखी और जीत की ओर बढ़ती नजर आई। इससे कांग्रेस को राहत मिली है, जबकि भाजपा का दबदबा बाकी नगर निगमों में साफ दिखाई दिया।
69% से अधिक हुआ था मतदान
इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक ताकत की परीक्षा माना जा रहा है। 17 मई को हुए मतदान में नगर निगमों की 51 सीटों के लिए 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। प्रदेश के चार नगर निगमों के 64 वार्ड, 25 नगर परिषदों के 229 वार्ड और 22 नगर पंचायतों के 156 वार्डों के लिए एक चरण में मतदान कराया गया था।
1,147 उम्मीदवार मैदान में उतरे
निकाय चुनाव में कुल 449 पदों के लिए 1,147 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। चुनावी मुकाबला कई क्षेत्रों में कड़ा रहा, लेकिन नतीजों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दी।
जिलों में मतदान का रहा अलग-अलग प्रतिशत
धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों में 63.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मंडी में मतदान प्रतिशत 68.78 और सोलन में 58.32 प्रतिशत रहा। कांगड़ा और मंडी में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही, जबकि सोलन में पुरुष मतदाता ज्यादा रहे।
हमीरपुर रहा मतदान में सबसे आगे
नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में सबसे अधिक 78.89 प्रतिशत मतदान हमीरपुर जिले में दर्ज किया गया। इसके बाद शिमला में 77.36, ऊना में 77, सोलन में 76.94, कांगड़ा में 74.51, मंडी में 73.35, बिलासपुर में 72.06, चंबा में 68.22, कुल्लू में 67.80 और सिरमौर में 67.24 प्रतिशत मतदान हुआ। इन आंकड़ों ने स्थानीय निकाय चुनावों में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को भी दर्शाया।
Read More:
दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन का 75% काम पूरा, फिर पर समयसीमा पर मंडराया खतरा, जानें क्या है वजह…

