प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़ी प्रेरणादायक पहल, सांस्कृतिक धरोहर, पर्यावरण संरक्षण, खेल उपलब्धियों और कृषि से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
मनोरमा नदी के बारे में की चर्चा
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के आकाश गुप्ता और उनके साथियों के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आकाश ने अपनी बचपन की नदी को प्रदूषित होते देखा तो शिकायत करने के बजाय सफाई अभियान शुरू किया। युवाओं की टीम ने नदी से प्लास्टिक, कचरा और जलकुंभी हटाकर उसे फिर से स्वच्छ बनाने का कोशिश किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बताया।
गोवा में पानी की समस्या का समाधान बना प्रेरणा
प्रधानमंत्री ने गोवा के सेवानिवृत्त शिक्षक बालकृष्ण अड़या के कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पानी की समस्या से परेशान लोगों की मदद के लिए उन्होंने पाइपलाइन व्यवस्था विकसित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे कई परिवारों को राहत मिली।
गंगा डॉल्फिन बचाने वाली टीम की तारीफ
PM मोदी ने उत्तर प्रदेश में गंगा डॉल्फिन को बचाने के लिए किए गए विशेष अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि एक डॉल्फिन नहर में फंस गई थी, जिसे सुरक्षित निकालने में लगभग 13 घंटे लगे। उन्होंने भारत की पहली गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू एंबुलेंस और उससे जुड़े कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रयास से एक दुर्लभ जीव को नया जीवन मिला।
नीदरलैंड्स से लौटीं चोला काल की धरोहरें
प्रधानमंत्री मोदी ने हालिया नीदरलैंड्स यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि वहां भारत को चोला काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाएं वापस सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि ये ऐतिहासिक दस्तावेज चोला साम्राज्य की उपलब्धियों, समुद्री शक्ति और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ उसके संबंधों की जानकारी देते हैं।
किसानों के बारे में किया जिक्र
गर्मी के मौसम का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में मिलने वाली आम की किस्मों पर भी चर्चा किए। उन्होंने हापुस, केसर, दशहरी, लंगड़ा, चौसा, हिमसागर, जर्दालू और अन्य प्रसिद्ध किस्मों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय आम अब वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहे हैं और इसके पीछे किसानों की मेहनत का बड़ा योगदान है।
एथलीटों से की बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी ने युवा धावकों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से भी बातचीत की। उन्होंने हाल के दिनों में 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटने की उपलब्धि का जिक्र करते हुए दोनों खिलाड़ियों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी को प्रेरित कर रही हैं।
Read More
हिमाचल निकाय चुनाव में BJP की मौज, मंडी-सोलन-धर्मशाला में लहराया परचम, पालमपुर में कांग्रेस आगे

