बिहार के वैशाली जिले में पति-पत्नी के विवाद का एक मामला चर्चा में है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के निवासी अमन कुमार ने अपनी पत्नी गुंजन कुमारी, जो BPSC के माध्यम से चयनित शिक्षिका हैं, उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अमन का कहना है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद पत्नी की पढ़ाई जारी रखवाई और शिक्षक बनने के सपने को पूरा करने के लिए अपनी पैतृक जमीन का हिस्सा तक बेच दिया। उनका दावा है कि नौकरी मिलने के बाद पत्नी ने उनसे और उनके बेटे से दूरी बना ली।
शादी के बाद आगे बढ़ाई पढ़ाई
अमन कुमार के अनुसार उनकी शादी वर्ष 2013 में हुई थी। दंपति का एक 10 वर्षीय बेटा भी है। उन्होंने बताया कि शादी के समय उनकी पत्नी इंटरमीडिएट तक पढ़ी थीं और आगे शिक्षा प्राप्त कर शिक्षिका बनना चाहती थीं। पति का आरोप है कि उन्होंने मजदूरी कर परिवार चलाया और पत्नी की उच्च शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में हर संभव सहयोग किया।
BPSC चयन के बाद रिश्तों में आई दूरी
अमन कुमार के मुताबिक BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा में चयन के बाद उनकी पत्नी का प्रशिक्षण सुपौल जिले में हुआ और बाद में उनकी नियुक्ति वैशाली जिले के एक विद्यालय में हुई। पति ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनकी पत्नी की नजदीकियां एक पुराने परिचित से बढ़ीं। उनका कहना है कि प्रशिक्षण के बाद से दोनों के वैवाहिक संबंधों में तनाव बढ़ने लगा और पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया।
किराए के मकान को लेकर लगाए आरोप
अमन कुमार ने दावा किया कि उनकी पत्नी पिछले काफी समय से अलग रह रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाजीपुर स्थित एक किराए के मकान में पत्नी के पास एक व्यक्ति का आना-जाना था। पति का कहना है कि 23 मई को वह वहां पहुंचे, जिसके बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास घटना से जुड़े कुछ वीडियो मौजूद हैं।
आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल पूरा मामला पति और बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है।
इस केस की तुलना उत्तर प्रदेश की PCS अधिकारी ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य के चर्चित विवाद से की जा रही है, जिसने 2023 में राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं।
Read More
हमीरपुर पुल हादसे पर CM योगी सख्त, बचाव अभियान तेज करने के दिए निर्देश, 6 लोगों की गई जान

