Valmiki Ramayana First Look: रामनवमी के पावन अवसर पर फिल्म वाल्मिकी रामायण का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया है, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर में दिखे भगवान राम के पावन चरण
जारी किए गए मोशन पोस्टर में भगवान राम के पावन चरण कमल को दर्शाया गया है, जिन पर गुलाब की पंखुड़ियां अर्पित होती नजर आती हैं। पोस्टर पूरी तरह से भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ है, जो दर्शकों को आध्यात्मिक भावनाओं से जोड़ता है। इसके साथ साझा किए गए संदेश “जब तक पहाड़ खड़े रहेंगे और नदियां बहती रहेंगी, रामायण जीवित रहेगी” ने भी लोगों के दिलों को छू लिया है।
कौन है इस फिल्म का निर्देशक?
फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर भावना तलवार कर रही हैं। इसके साथ ही फिल्म की तकनीकी टीम भी काफी मजबूत है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी बिनोद प्रधान संभाल रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन डिजाइन सबु सीरिल द्वारा किया गया है। साउंड डिजाइन के लिए रेसुल पूकुट्टी जुड़े हैं। फिल्म की कहानी को स्क्रीनप्ले में ढालने का काम आनंद नीलकंठन ने किया है, वहीं संवाद डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने लिखे हैं।
धार्मिक और पौराणिक विषयों पर आधारित फिल्म
धार्मिक और पौराणिक विषयों पर आधारित इस फिल्म की घोषणा रामनवमी जैसे शुभ अवसर पर करना मेकर्स की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हो सके। गौरतलब है कि इसी साल दीपावली के मौके पर रामायण भी रिलीज होने वाली है, जिसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। इस फिल्म में भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर और माता सीता के रूप में सई पल्लवी नजर आएंगी। इसके अलावा रवि दुबे, सनी देओल और फैसल मलिक भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ऐसे में 2026 का साल दर्शकों के लिए रामायण से जुड़ी भव्य फिल्मों का खास तोहफा लेकर आने वाला है, जहां आस्था और सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
Read More:
ED-दिल्ली पुलिस के नाम पर भोपाल में बुजुर्ग के साथ ठगी, डिजिटल अरेस्ट कर लूटे ₹36 लाख

