HomeBreaking NewsPUBG में 1 लाख के टास्क का चक्कर! फिरोजाबाद से गायब 8वीं...

PUBG में 1 लाख के टास्क का चक्कर! फिरोजाबाद से गायब 8वीं का छात्र 300 किमी दूर मथुरा की बस में मिला!

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में ऑनलाइन गेमिंग का जानलेवा जूनून एक 14 वर्षीय स्कूली छात्र को घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर ले गया। कक्षा आठ में पढ़ने वाला यह छात्र लोकप्रिय गेम PUBG में एक लाख रुपये का इनाम जीतने का टास्क पूरा करने निकला था। ग्वालियर जाने के लालच में वह रास्ता भटककर पहले इंदौर और फिर मथुरा पहुंच गया। दो दिनों से गायब इस बच्चे को फिरोजाबाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने मथुरा में एक रोडवेज बस से सुरक्षित बरामद कर लिया है।

पिता के निधन के बाद लगी गेमिंग की लत

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि पिता के अचानक निधन के बाद से छात्र बेहद अकेला रहने लगा था और अपना ज्यादातर वक्त मोबाइल पर बिताता था। इसी दौरान उसे PUBG गेम खेलने की लत लग गई। गेम में ₹1 लाख का बड़ा कैश प्राइज जीतने के लिए उसे एक विशेष टास्क मिला, जिसके लिए उसे ग्वालियर जाना जरूरी लगा। इसी बीच गुरुवार की शाम करीब 5 बजे वह अपना स्कूल बैग लेकर बिना किसी को बताए चुपचाप घर से निकल गया।

अपहरण की आशंका से सहमे परिजन पहुंचे थाने

छात्र के अचानक गायब होने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने रंजिशवश अपहरण की आशंका जताई। दरअसल, बुधवार को उसके छोटे भाई का स्कूल में सहपाठी से विवाद हुआ था, जिस आधार पर परिजनों ने थाना दक्षिण में सहपाठी के पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के कई इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें छात्र जैन मंदिर के समीप एक ऑटो में जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद सर्विलांस टीम ने छात्र के मोबाइल नंबर को ट्रैक करना शुरू किया। पुलिस को छात्र की आखिरी लोकेशन मथुरा के पास एक चलती रोडवेज बस में मिली, जिसके बाद बिना कोई समय गंवाए टीम ने दबिश देकर छात्र को बस के अंदर से सकुशल ढूंढ निकाला।

गलती से पहुंचा इंदौर, फिर भी पूरा करता रहा टास्क

पूछताछ के दौरान छात्र ने पुलिस को बताया कि वह ग्वालियर जाने के लिए निकला था, लेकिन गलती से गलत बस में बैठकर मध्य प्रदेश के इंदौर शहर पहुंच गया। इंदौर में गलती महसूस होने पर उसने वापस लौटने के लिए दूसरी बस पकड़ी, लेकिन रास्ते में नींद आने के कारण वह मथुरा पहुंच गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी परेशानी के बावजूद उसका ध्यान केवल गेमिंग टास्क पर था और वह मथुरा से फिर ग्वालियर जाने वाली बस में बैठ गया था। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

 

READ MORE: चंडीगढ़ में स्कूलों पर बम की धमकी से सनसनी, निशाने पर आए 6 नामी स्कूल

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments