HomeBreaking Newsजल्द ही देखेंगे..., ईरान ने अमेरिका के खिलाफ नई रणनीति का किया...

जल्द ही देखेंगे…, ईरान ने अमेरिका के खिलाफ नई रणनीति का किया ऐलान

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रजाई ने अमेरिका के साथ जारी संघर्ष के बीच एक नई और कड़ा रुख अपनाने वाली रणनीति का ऐलान किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए रजाई ने चेतावनी दी कि युद्ध के मैदान, कूटनीति और आर्थिक नाकेबंदी का मुकाबला करने में ईरान की यह नई रणनीति जल्द ही अमेरिका की बुनियाद को हिलाकर रख देगी। यह बयान दोनों देशों के बीच जारी भीषण सैन्य टकराव और हाल के दिनों में सबसे तेज हुए हमलों के दौर के बाद सामने आया है।

अमीरात से लेकर इराक तक अमेरिकी ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के अनुसार, उनके बलों ने जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत, बहरीन और इराक के स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। यह कार्रवाई अमेरिकी सैन्य अभियानों के जवाब में की गई, जिसमें तेहरान का दावा है कि उनके 18 लोगों की जान गई थी। इस नए सैन्य हमले के तहत इरबिल में एक समन्वित मिसाइल और ड्रोन हमला किया गया, जबकि जॉर्डन में स्थित एक अमेरिकी मरीन ट्रेनिंग कैंप को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान बहरीन और कुवैत में सायरन गूंजे और कुवैती अधिकारियों के अनुसार एक ईरानी ड्रोन के कारण आवासीय परिसर में आग लग गई।

शादी समारोह पर अमेरिकी बमबारी का आरोप

संघर्ष के बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर दक्षिणी ईरानी शहर सीरिक में एक शादी के समारोह पर घातक हमला करने का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने एक्स पर कहा कि यह हमला अमेरिका की विफलता को छिपाने का एक हताशा भरा प्रयास और एक युद्ध अपराध है। ईरानी रेड क्रिसेंट के आंकड़ों के अनुसार, इस घटना में एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि, अमेरिकी मध्य कमान के प्रवक्ता टिम हॉकिंस ने सीधे तौर पर हमले का जिक्र किए बिना कहा कि अमेरिकी सेना कभी भी नागरिकों को निशाना नहीं बनाती।

डोनाल्ड ट्रंप का पलटवार और पेज़ेशकियान का कूटनीतिक रुख

हालिया तनाव रविवार को शुरू हुआ था जब वाशिंगटन ने होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगे बिछाने और अमेरिकी कर्मियों पर हुए हमलों के जवाब में ईरानी संपत्तियों पर हवाई हमले किए थे। इसके बाद उत्पन्न हुए हालातों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर तेहरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने और हमले किए तो उसे भीषण परिणाम भुगतने होंगे और ईरान का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। इस सब के बीच, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने एक संतुलित बयान देते हुए कहा कि यदि अमेरिका कूटनीतिक समझौते की दिशा में कोई पहल करता है, तो तेहरान भी उसका सकारात्मक जवाब देने के लिए तैयार है।

 

READ MORE: नेपाल के लिए भारत से रवाना हुई 11 सदस्यों की विशेषज्ञ बचाव टीम और 5.5 टन जरूरी दवाएं

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments