मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित घमापुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक 38 वर्षीय घरेलू सहायिका आरती चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। आरोप है कि जब आरती आरोपी अतुल कोरी के घर काम करने पहुंची, तो वहां अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ दरिंदगी की गई और फिर गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद से आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
परिजनों ने लगाए दरिंदगी के गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल हत्या नहीं, बल्कि क्रूरता की है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि आरती को खाना बनाने के बहाने बुलाया गया था। वहां उसके साथ न केवल सामूहिक दुष्कर्म की आशंका है, बल्कि उसकी आंखें निकाल ली गईं और दांत भी तोड़ दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब शव मिला तो महिला के वस्त्र क्षत-विक्षत थे और शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। मृतका अपने पीछे एक छोटा बच्चा और पति छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
थाने का घेराव और पुलिस से तीखी झड़प
घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों और परिजनों ने घमापुर थाने के सामने शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मामले को दबाने और आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि आरोपी अतुल कोरी पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा है। प्रदर्शन के दौरान तनाव इतना बढ़ गया कि स्थिति को संभालने के लिए पांच थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल को मौके पर बुलाना पड़ा। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य संदेही की तलाश तेज कर दी है। सीएसपी मधुर पटेरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है, लेकिन दुष्कर्म और अन्य क्रूरता के आरोपों की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
READ MORE: मौत के मुंह से लौटा मासूम, पिता ने दो बेटों संग नहर में लगाई छलांग, 5 KM बहने के बाद टहनी पकड़कर 12 घंटे टिका रहा 9 साल का सम्राट