कोरोना वायरस के नए-नए वेरिएंट सामने आने का सिलसिला जारी है। अब कोविड का नया स्ट्रेन PJ.2.1 चर्चा में है। इसके लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू से काफी मिलते-जुलते बताए जा रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी इस स्थिति को लेकर सतर्क किया है। संगठन के मुताबिक, अब सिर्फ लक्षण देखकर यह पहचानना मुश्किल हो सकता है कि किसी व्यक्ति को कोविड है, फ्लू है या किसी दूसरे वायरस का संक्रमण।
पहले कोरोना के कुछ वेरिएंट के लक्षण सामान्य फ्लू से अलग दिखाई देते थे, लेकिन अब गले में तेज खराश, खांसी, नाक बहना और लंबे समय तक थकान जैसे लक्षण कई तरह के संक्रमण में नजर आ सकते हैं। ऐसे में जरूरत पड़ने पर जांच कराना जरूरी हो सकता है।
क्या है कोविड का नया वेरिएंट PJ.2.1?
PJ.2.1 कोविड-19 वायरस का एक नया स्ट्रेन बताया जा रहा है। इस साल जून में अमेरिका में इसके मामले सामने आए थे। इसके बाद से इस वेरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच चर्चा बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस संक्रमण में गले में तेज दर्द और बीमारी से उबरने के बाद भी लंबे समय तक थकान महसूस होने की जानकारी सामने आई है। रूस की संक्रामक रोग विशेषज्ञ और वायरोलॉजिस्ट एलेना मालिनिकोवा ने भी इन लक्षणों का जिक्र किया है। हालांकि, इन लक्षणों को PJ.2.1 से संक्रमित हर व्यक्ति में दिखाई देने वाले पक्के संकेत नहीं माना जा सकता। WHO के मुताबिक, फिलहाल यह वेरिएंट खतरनाक नहीं बताया गया है और इसके ज्यादातर लक्षण फ्लू जैसे हैं।
गले में दर्द से लेकर थकान तक, ये हो सकते हैं लक्षण
PJ.2.1 संक्रमण के साथ जिन लक्षणों का जिक्र किया जा रहा है, उनमें शामिल हैं:
* बुखार
* गले में खराश या तेज दर्द
* खांसी
* नाक बहना या बंद होना
* सिरदर्द
* बदन दर्द
* लंबे समय तक थकान महसूस होना
इनमें से कई लक्षण सामान्य फ्लू और दूसरे वायरल संक्रमण में भी दिखाई देते हैं। इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर संक्रमण की पुष्टि करना सही नहीं होगा।
PCR टेस्ट से कैसे होगी पहचान?
PCR टेस्ट से शरीर में SARS-CoV-2 वायरस के संक्रमण का पता लगाया जा सकता है। वहीं, रैपिड एंटीजन टेस्ट वायरस के प्रोटीन की पहचान करता है। हालांकि, इन सामान्य कोविड टेस्ट से यह पता नहीं चलता कि संक्रमण किस वेरिएंट के कारण हुआ है। PJ.2.1 की पुष्टि के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग की जरूरत होती है। स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को देखते हुए बुजुर्गों, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बुखार, लगातार खांसी या गले में दर्द होने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। सांस लेने में परेशानी या सीने में लगातार दर्द होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए। WHO की सलाह का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोग सामान्य फ्लू समझकर संक्रमण को नजरअंदाज न करें। लक्षण एक जैसे होने की स्थिति में डॉक्टर की सलाह और जरूरत के मुताबिक जांच से ही सही स्थिति का पता लगाया जा सकता है।
Read More
अंतिम संस्कार के लिए काशी जा रही सवारी गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, अब तक 7 लोगों की मौत

