West Bengal Free Bus Travel Scheme : पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 1 जून 2026 से राज्य में चलने वाली सभी सरकारी बसों में महिलाएं बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। यह फैसला महिलाओं की सार्वजनिक परिवहन तक पहुंच बढ़ाने और उन्हें आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
बीजेपी के वादे को सरकार ने किया लागू
महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा का मुद्दा बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया था। अब सरकार बनने के बाद इस वादे को लागू करते हुए परिवहन विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं के लिए बेहतर साबित होगी।
छोटी -लंबी दूरी की बसों में मिलेगी सुविधा
सरकार ने जो आदेश जारी किया है उसमें साफ किया गया है कि मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगी। राज्य में चलने वाली छोटी और लंबी दूरी की सभी सरकारी बसों में महिलाओं को यह लाभ मिलेगा। अलग-अलग कैटेगरी की सरकारी बसों में महिलाएं बिना टिकट शुल्क दिए यात्रा कर सकेंगी।
महिलाओं को मिलेगा स्मार्ट कार्ड
योजना का लाभ देने के लिए महिला यात्रियों को QR कोड आधारित स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके लिए महिलाओं को अपने क्षेत्र के BDO या SDO कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया के दौरान पहचान से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी, स्कूल या कॉलेज आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे वैध दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके साथ पासपोर्ट साइज फोटो भी देनी होगी। सरकार का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र महिलाओं को स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
स्मार्ट कार्ड बनने तक ऐसे मिलेगा फायदा
सरकार ने यह भी साफ किया है कि स्मार्ट कार्ड जारी होने तक भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी। इसके लिए बस में मौजूद कंडक्टर को कोई भी वैध फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा। पहचान सत्यापित होने के बाद यात्रियों को ‘जीरो वैल्यू टिकट’ जारी किया जाएगा और वे बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा पर जोर
राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से बड़ी संख्या में महिलाओं को फायदा मिलेगा। खासतौर पर कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीण इलाकों की यात्रियों के लिए यह योजना राहत भरी साबित हो सकती है। सरकार का कहना है कि महिलाओं की आवाजाही आसान होने से शिक्षा, रोजगार और अन्य जरूरी सेवाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी।
Read More:
अयोध्या को मिली बड़ी सौगात, बनेगा यूपी का पहला ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर’

