उत्तराखंड सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर आर्थिक मदद देने दिशा में एक और बड़ा और जरूरी कदम उठाने जा रही है। मंगलवार शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पात्र पेंशनधारकों के बैंक खातों में पेंशन राशि जारी करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में आयोजित होगा।
इस पहल के तहत राज्यभर के हजारों पंजीकृत लाभार्थियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि मिलेगी। आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े लाभार्थी भी शामिल होंगे।
कई सामाजिक सुरक्षाओं का मिलेगा लाभ
समाज कल्याण विभाग राज्य में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन सहित कई सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का संचालन करता है। इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद नागरिकों को नियमित आर्थिक मदद दी जाती है जिससे उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
डिजिटल भुगतान से बढ़ेगी पारदर्शिता
राज्य सरकार का कहना है कि DBT की तरकीब अपनाने से पेंशन बांटने का काम और भी आसान होगा। राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने से भुगतान में अनावश्यक देरी की संभावना घटती है और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है। साथ ही बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से लाभार्थियों को पूरी राशि सीधे प्राप्त होती है।
सरकार का मानना है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी संचालन राज्य के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यही कारण है कि डिजिटल माध्यम से समय पर आर्थिक मदद दिलाने पर खास जोर दिया जा रहा है।