पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान सर कोचिंग संस्थान के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में चर्चित शिक्षक खान सर ने शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पिछले कुछ दिनों से उनकी गिरफ्तारी की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन पुलिस कार्रवाई से पहले उन्होंने अदालत का रुख किया।
फायरिंग मामले में दर्ज है केस
मंगलवार रात खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी और बवाल की घटना हुई थी। मामले में कदमकुआं थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। जांच के दौरान खान सर के अंगरक्षकों ने बयान दिया कि उन्होंने उनके कहने पर गोली चलाई थी। इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया।
गिरफ्तारी की चर्चा के बीच बढ़ी सुरक्षा
शुक्रवार शाम से ही खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई थी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और माना जा रहा था कि पुलिस कभी भी उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि देर रात तक पुलिस उन्हें हिरासत में नहीं ले सकी और आखिरकार उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
रातभर कोचिंग के बाहर डटे रहे छात्र
मामले को लेकर कोचिंग सेंटर के बाहर देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सैकड़ों छात्र अपने शिक्षक के समर्थन में मौके पर जमा रहे। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र रातभर वहां डटे रहे।
अब तक पांच लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार विवाद दो कोचिंग संस्थानों के बीच का बताया जा रहा है। इस मामले में दूसरे संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं खान सर के दो अंगरक्षक भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। इस तरह मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जांच अभी जारी है।
Read More

