UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। योगी सरकार ने 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों की जिम्मेदारियां नए अधिकारियों को सौंप दी हैं। इस फैसले के तहत देवरिया, जौनपुर, मऊ, महाराजगंज, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, संभल और प्रतापगढ़ जैसे अहम जिलों में नए जिलाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और योजनाओं का बेहतर बनाना है।
इन जिलों में बदले गए डीएम
नई नियुक्तियों के तहत मधुसूदन हुल्गी को देवरिया का जिलाधिकारी बनाया गया है। सैमुअल पाल एन को जौनपुर की कमान सौंपी गई है। अनंत वर्धन को मऊ का डीएम नियुक्त किया गया है, जबकि गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद, राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद और अंकित खंडेलवाल को संभल का डीएम बनाया गया है। वहीं, अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
विभागीय स्तर पर भी हुआ बड़ा फेरबदल
सिर्फ जिलों तक ही बदलाव सीमित नहीं रहा, बल्कि कई विभागों में भी अहम जिम्मेदारियां बदली गई हैं। शिव सहाय अवस्थी को यूपी ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। अर्जुन सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अलका वर्मा को वित्त विभाग में विशेष सचिव और रजिस्ट्रार फर्म-सोसायटी बनाया गया है। वहीं, निधि बंसल को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
रिंकू सिंह राही को मिली नई पोस्टिंग
इस फेरबदल में रिंकू सिंह राही का नाम विशेष चर्चा में रहा। उन्हें राजस्व परिषद से हटाकर जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। हाल ही में उन्होंने काम न मिलने की वजह से आईएएस से इस्तीफा दे दिया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। अब उन्हें नई जिम्मेदारी देकर प्रशासनिक व्यवस्था में फिर से सक्रिय किया गया है।
ये है पूरी लिस्ट
इसके अलावा, नेहा जैन को केस्को का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। समीर को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सी. इंदुमती को महिला कल्याण विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। डॉ. वंदना वर्मा को गन्ना विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। संतोष वैश्य को नगर आयुक्त आगरा, राजेंद्र सिंह द्वितीय और प्रेम प्रकाश सिंह को राजस्व परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया है। अंकुर कौशिक को कानपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और अवनीश सक्सेना को कार्मिक विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
प्रशासनिक सुधार की दिशा में कदम
सरकार का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से प्रशासनिक दक्षता में सुधार होगा और जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं का प्रभावी बनाया जा सकेगा। नई नियुक्तियों से जिलों में कामकाज की गति तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read More:

