सावन के महीने में अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मछली परोसे जाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर सवाल उठाए। इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये को लेकर तीखी टिप्पणी की। अजय राय 23 अगस्त को कांग्रेस नेताओं के साथ अयोध्या पहुंचे थे।
उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंग बली के दर्शन किए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए फिर बाद में वह तारुन स्थित अर्पित मैरिज लॉन में आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे। यहां पर उनके लिए खासतौर पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी सियासी तनातनी शुरु हो गई है।
CM योगी ने कांग्रेस पर क्या कहा?
CM योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ उसके नेता भगवान राम का नाम लेते हैं और दूसरी ओर अयोध्या में मछली भोज करते हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा आचरण बताते हुए सवाल उठाया कि अगर मछली खानी थी तो इसे अयोध्या से बाहर भी खाया जा सकता था।
योगी ने कांग्रेस नेताओं के हनुमानगढ़ी जाने और फिर मछली भोज में शामिल होने को लेकर भी तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस रवैये को देखकर गिरगिट भी शर्मिंदा हो जाए।
पवन खेड़ा ने दिया जवाब
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी के आरोपों को मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। उनका कहना है कि पेपर लीक जैसे गंभीर सवालों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए ऐसे विवाद खड़े किए जा रहे हैं। खेड़ा ने यह भी कहा कि अजय राय शाकाहारी हैं और उनके मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति मछली खाता भी है तो इसमें विवाद जैसी कोई बात नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अयोध्या में दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी पर पलटवार किया।