UP Cabinet Meeting: राजधानी लखनऊ में सीएम योगी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की अहम बैठक होगी। यह बैठक शाम चार बजे लोक भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों, नीतिगत मुद्दों और कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी दी जा सकती है।
रोजगार योजना पर रहेगा जोर
जानकारी के मुताबिक, सरकार साढ़े सात करोड़ Gen-Z युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक विकास योजना को मंजूरी दे सकती है। माना जा रहा है कि यह योजना युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
परिवहन विभाग को मिल सकती हैं नई इलेक्ट्रिक बसें
बैठक में करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इन बसों को परिवहन विभाग के बेड़े में शामिल किया जाएगा, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है।
जन सेवा केंद्र 4.0 नियमावली पर भी फैसला संभव
कैबिनेट बैठक में जन सेवा केंद्र 4.0 की नई नियमावली को भी मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके लागू होने के बाद आय, जाति, निवास समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
19 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने देर रात बैठक का एजेंडा जारी किया। एजेंडे के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में 19 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी और कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लग सकती है।
Read More:

