उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (UP BJP) ने अपनी प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को अलग-अलग श्रेणियों में शामिल किया गया है। गृह मंत्री अमित शाह 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। बीजेपी की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कुल 30 स्थायी आमंत्रित सदस्यों के नाम शामिल हैं।
इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, जितिन प्रसाद, बीएल वर्मा और कमलेश पासवान के नाम भी हैं। इसके अलावा मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी और महेंद्र नाथ पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी इस श्रेणी में जगह दी गई है। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर संगठन से जुड़े कई पदाधिकारियों के साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
विशेष आमंत्रित सदस्यों में कई चर्चित नाम
पार्टी ने विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में बेबी रानी मौर्य, गौरव भाटिया, राधा मोहन दास अग्रवाल, अरुण सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सुरेश खन्ना, रवि किशन, साक्षी महाराज और जगदंबिका पाल समेत कई नेताओं को शामिल किया है। शलभमणि त्रिपाठी, श्रीकांत शर्मा और सिद्धार्थनाथ सिंह के नाम भी सूची में हैं।
कार्यसमिति में 548 सदस्यों को जगह
प्रदेश कार्यसमिति में कुल 548 सदस्यों को शामिल किया गया है। सूची में सुरेश गंगवार, बीना भारद्वाज, धर्म सिंह सैनी, शेर सिंह चौधरी, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, राजेश त्यागी, अभिषेक कौशिक और जितेंद्र यादव समेत कई नाम हैं।
पार्टी की इस घोषणा के बाद 30 और 31 अक्टूबर को होने वाली बैठक पर नजरें रहेंगी। इसमें प्रदेश संगठन से जुड़े विषयों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा होने की संभावना है।