Ujjain Ganesh Temple: उज्जैन के ताजपुर गांव में गणेश चतुर्थी से ठीक पहले एक अनोखा मामला वायरल हो रहा है। गांव की माता जी की बावड़ी स्थित भगवान गणेश जी के मंदिर में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने भगवान गणेश की प्रतिमा की आंखों से पानी की बूंदें निकलते देखने का दावा किया। खबर फैलते ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू हो गई।
वीडियो भी हुआ वायरल
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को उज्जैन के ताजपुर गांव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह मंदिर पहुंचे कुछ लोगों ने प्रतिमा की आंखों से पानी की बूंदें निकलती देखीं। इसके बाद यह बात देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे।
उज्जैन के ताजपुर में गणेश प्रतिमा की आंखों से आंसू गिरते हुए दिखाई दे रहा है ..चोला न चढ़ाने से नाराजगी की चर्चा है, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ गई है । भगवान की नाराजगी दूर करने और क्षमा-याचना के लिए ग्रामीणों ने मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन किया जा रहा है pic.twitter.com/vmsP7fSLRP
— Krishnadev Yadav (@krishna_news) September 12, 2026
सुबह 6:30 बजे दिखाई दिया नजारा
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे जब लोग माता जी के झोपड़े पर दर्शन के लिए पहुंचे, तब उन्हें प्रतिमा की आंखों से पानी निकलता दिखाई दिया। इसके बाद गांव के वरिष्ठ नागरिकों और युवा मंडली को इसकी जानकारी दी गई। देखते ही देखते ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।
ढोल बजाकर उतारी गई आरती
घटना के बाद ग्रामीणों ने भगवान गजानन जी महाराज की महाआरती की। इस दौरान मंदिर परिसर में ढोल बजाए गए और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने इसे आस्था से जुड़ी विशेष घटना माना।
चोला नहीं चढ़ा पाने से जोड़ रहे मामला
ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव में नगर पूजा का आयोजन होना था। इससे पहले भगवान गणेश की यात्रा भी निकाली गई थी। इसके बाद प्रतिमा को चोला चढ़ाने की तैयारी थी, लेकिन किसी कारणवश पंचायत की ओर से उस समय भगवान को चोला नहीं चढ़ाया जा सका। ग्रामीणों ने प्रतिमा की आंखों से पानी आने की घटना को इसी से जोड़कर भगवान गणेश की नाराजगी माना।
चोला चढ़ाने के बाद कम हुईं बूंदें
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्हें चोला नहीं चढ़ाए जाने की बात का अहसास हुआ, तो भगवान गणेश की यात्रा निकाली गई और प्रतिमा को चोला अर्पित किया गया। ग्रामीणों के दावे के अनुसार, चोला चढ़ाने के बाद प्रतिमा की आंखों से निकलने वाली पानी की बूंदें धीरे-धीरे कम होने लगीं। बताया गया कि दोपहर करीब 1:30 बजे तक बूंदें काफी कम हो गई थीं।
वजह पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
प्रतिमा की आंखों से पानी आने की वास्तविक वजह क्या थी, इस बारे में फिलहाल कोई वैज्ञानिक या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। दूसरी ओर, ताजपुर के ग्रामीण और श्रद्धालु इसे भगवान गणेश की कृपा या चमत्कार से जोड़कर अपनी आस्था के नजरिए से देख रहे हैं।\
Read More:

