Twisha Sharma Death Case: भोपाल में जाने-माने ट्विशा शर्मा मौत मामले में 13 दिन बाद आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शादी के महज पांच महीने बाद ससुराल में हुई ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। मामले में लगातार हो रहे खुलासों और परिवार के गंभीर आरोपों के चलते अब तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका था। परिवार का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और कई अहम तथ्यों को दबाने की कोशिश की गई।
भदभदा विश्राम घाट पर होगा अंतिम संस्कार
ट्विशा शर्मा के भाई आशीष शर्मा ने जानकारी दी कि आज शाम 5 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। समर्थ सिंह के परिवार की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार कोई निमंत्रण का कार्यक्रम नहीं होता, जिसकी श्रद्धा होगी वह शामिल हो सकता है। इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
पहले पोस्टमार्टम पर परिवार ने उठाए सवाल
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने दिल्ली स्थित AIIMS के मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर पहले पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दूसरे पोस्टमार्टम से पहले बोर्ड से निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की। परिवार ने कहा कि पहले पोस्टमार्टम में कई जरूरी पहलुओं की सही तरीके से जांच नहीं की गई थी।
AIIMS बोर्ड से जांच की मांग
परिवार ने मेडिकल बोर्ड से फॉरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांच समेत बहु-विषयक दृष्टिकोण अपनाने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि यह पत्र किसी पर दबाव बनाने के लिए नहीं लिखा गया, बल्कि उन चिंताओं को सामने रखने के लिए भेजा गया है जिनकी वजह से दूसरे पोस्टमार्टम की मांग उठी।
गिरफ्तार हुआ पति समर्थ
ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को 10 दिन तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस पूछताछ के दौरान समर्थ ने कई अहम बातें बताई हैं, जिनकी अब जांच की जा रही है।
पूछताछ में समर्थ ने किए कई दावे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक समर्थ सिंह ने दावा किया कि प्रेग्नेंसी के बाद ट्विशा के व्यवहार में बदलाव आ गया था। उसने कहा कि ट्विशा बेंगलुरु जाने के लिए तैयार नहीं थी और अपनी बुआ के साथ अजमेर में रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस अब समर्थ के दावों और परिवार के आरोपों दोनों की जांच कर रही है।
दूसरे पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजरें
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब सबकी निगाहें दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। परिवार को उम्मीद है कि नई मेडिकल जांच से मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं पुलिस भी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तेज कर सकती है।
Read More:

