Gurugram Court Fire: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कोर्ट परिसर में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लोअर कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में लगी बताई जा रही है। घटना के समय कोर्ट में छुट्टी होने के कारण स्टाफ मौजूद नहीं था, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार कई जरूरी रिकॉर्ड आग की चपेट में आ गए हैं।
रिकॉर्ड रूम से उठता धुआं
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12 बजे कोर्ट परिसर से गुजर रहे कुछ वकीलों ने रिकॉर्ड रूम की तरफ से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। इसके बाद तुरंत चौकीदार और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। देखते ही देखते परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार तब यह साफ होगा कि कितना रिकॉर्ड सुरक्षित बच पाया है और कितना जल चुका है।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
प्रशासन का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। कोर्ट परिसर में रखे जरुरी दस्तावेजों के नुकसान को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित हिस्से को सील कर दिया गया है।
Read More:

