हिमाचल प्रदेश(Himachal) के चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ककीरा क्षेत्र के पास हुआ जहां एक इनोवा क्रिस्टा अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार पर्यटक गुजरात के रहने वाले थे और मनाली से डलहौजी की ओर जा रहे थे। हादसे के समय इलाके में तेज बारिश और आंधी चल रही थी जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी।
शुरुआती जांच में खराब मौसम और वाहन के नियंत्रण खोने को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया गया कि यह हादसा सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। वाहन संख्या HP01M-2961 डलहौजी से मनाली की ओर जा रहा था तभी ककीरा के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा रेफर किया गया है।
वाहन में कुल 10 लोग थे सवार
पुलिस के अनुसार वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में गुजरात के रहने वाले ललित भाई फटनानी, उनकी पत्नी ममता बेन, काजल, दियांश और प्रियंक कनहिया लाल शामिल हैं।
वहीं एक अन्य मृतक की पहचान मंडी जिले के जोगिंद्र नगर क्षेत्र निवासी 51 वर्षीय जसवंत सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।