Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे गैंगस्टर अनिल पंडित के करीबी प्रांजल ठकराल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, डिप्लोमा इंजीनियर प्रांजल इस मामले की अहम कड़ी है और उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच अब अनिल पंडित तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ सकती है।
अनिल पंडित पर साजिश रचने का आरोप
मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की कथित साजिश अनिल पंडित ने रची थी। पुलिस के अनुसार, इस योजना को अंजाम तक पहुंचाने में प्रांजल ठकराल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस पर हमले के लिए लोगों को तैयार करने, पैसों का इंतजाम करने और हथियार उपलब्ध कराने समेत लॉजिस्टिक्स संभालने का आरोप है।
गुप्त ऐप से होती थी दोनों की बातचीत
जांच के मुताबिक, अनिल पंडित और प्रांजल ठकराल एक खास गुप्त ऐप के जरिए रोजाना संपर्क में रहते थे। पुलिस का दावा है कि इस ऐप का इस्तेमाल इसलिए किया जाता था, ताकि उनकी लोकेशन को ट्रेस करना मुश्किल हो। अब क्राइम ब्रांच प्रांजल के फोन में मौजूद इस ऐप की चैट और अन्य डिजिटल जानकारी को जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
पहले भी फायरिंग की साजिश में नाम आया
प्रांजल ठकराल का आपराधिक इतिहास भी जांच एजेंसियों के सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पानीपत में एक बड़े कारोबारी पर हुई फायरिंग की साजिश भी अनिल पंडित के कहने पर रेहान अंसारी और प्रांजल ने मिलकर रची थी। इस मामले में प्रांजल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि, मार्च में उसे जमानत मिल गई थी।
जेल से बाहर आते ही फिर रची कथित साजिश
पुलिस का कहना है कि मार्च में जेल से बाहर आने के बाद प्रांजल ने कथित तौर पर एक बार फिर अनिल पंडित के साथ मिलकर साजिश रची। इस बार निशाना बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को बनाया गया। जांच के मुताबिक, प्रांजल ने हमले के लिए लड़कों को तैयार किया, उन्हें पैसे दिए और हथियार उपलब्ध कराए।
विदेश में फरार अनिल पंडित तक पहुंचेगी जांच?
अनिल पंडित फिलहाल विदेश में फरार बताया जा रहा है। ऐसे में क्राइम ब्रांच के लिए प्रांजल की गिरफ्तारी बेहद अहम मानी जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ के जरिए अनिल पंडित के संपर्कों और कथित विदेशी नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
फोन और पैसों के लेन-देन की होगी जांच
क्राइम ब्रांच प्रांजल के फोन में मौजूद गुप्त ऐप की चैट और पैसों के लेन-देन की जानकारी खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन सुरागों से टाइगर श्रॉफ मामले की साजिश और अनिल पंडित के कथित नेटवर्क की कई कड़ियां सामने आ सकती हैं। इससे जांच का दायरा मुंबई से आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की संभावना है।
31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
गिरफ्तारी के बाद प्रांजल ठकराल को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अब क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर टाइगर श्रॉफ हमले की कथित साजिश में उसकी भूमिका और अनिल पंडित से उसके संपर्कों की जानकारी जुटाएगी।
Read More:
होर्मुज में अब नहीं होगा बारूदी सुरंगों का खतरा? सेंटकॉम कमांडर का दावा-समुद्री रास्ता पूरी तरह साफ

