JPSC और JSSC की परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों और झारखंड सरकार के बीच रविवार को तीसरे दौर की बातचीत चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और सरकार ने छात्रों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। बैठक खत्म होने के बाद सरकार और छात्रों की ओर से आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
तीन परीक्षाओं पर सरकार का बड़ा प्रस्ताव
सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के साथ बैठक में सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों को बताया कि परीक्षा में धांधली से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच ED से कराने पर सरकार तैयार है। इसके अलावा तीन परीक्षाओं को रद्द करने का प्रस्ताव भी सामने आया है। इनमें JPSC बैकलॉग 2023, JPSC बैकलॉग 2025 और 14वीं प्रीलिम्स परीक्षा शामिल हैं। सरकार ने यह भी कहा है कि TDPL एजेंसी की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच कराई जाएगी। परीक्षा व्यवस्था में लंबे समय से सुधार की मांग कर रहे छात्रों के लिए सरकार ने JPSC और JSSC में रिफॉर्म के लिए IIM और XISS जैसे संस्थानों की विशेषज्ञ मदद लेने की बात भी कही है। हालांकि, इन फैसलों पर अंतिम मुहर और विस्तृत घोषणा वार्ता पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।
हेमंत सोरेन बोले- ‘हमने चोरी पकड़ ली है’
छात्रों के साथ बातचीत के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन कर रहे युवाओं की चिंता को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने चोरी पकड़ ली है, जिन्होंने चोरी की है उन्हें कड़ी सजा मिलेगी।” उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी कोशिश है कि युवाओं को न्याय मिले और छात्रों को अपनी बात सरकार के सामने रखने से पीछे नहीं हटना चाहिए। सोरेन ने यह भी कहा कि सिर्फ आंदोलन कर रहे छात्रों की बात ही नहीं सुनी जाएगी, बल्कि उन अभ्यर्थियों की चिंताओं पर भी विचार किया जाएगा जो आंदोलन का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की व्यवस्था तैयार की जाएगी।
‘लाठी-डंडे से नहीं, संवाद से होगा समाधान’
मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बल प्रयोग से नहीं हो सकता। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं को डराने-धमकाने, लाठी-डंडे चलाने या उन्हें देशद्रोही बताने से समस्या खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश के संविधान ने हर नागरिक को समान अधिकार दिए हैं। सोरेन ने आर्थिक और सामाजिक असमानता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब असमानता बढ़ती है तो समाज में तनाव भी बढ़ता है।
Read More
कोलकाता में लैंडिंग के दौरान मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट में बाधा, कॉकपिट पर पड़ी लेज़र बीम

